Begusarai News: बेगूसराय। बेगूसराय जिले के मंझौल प्रखंड के लिए यह गर्व का क्षण है। मंझौल के वृजनारायण टोला निवासी मुकेश कुमार को केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख का नया पुलिस महानिदेशक (DGP) नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस (ITBP) में अपर महानिदेशक (ADGP) के पद पर कार्यरत थे।
केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के तहत एजीएमयूटी कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का तत्काल प्रभाव से तबादला किया गया है, जिसमें मुकेश कुमार को लद्दाख और डॉ. एस.डी. सिंह जम्वाल को अरुणाचल प्रदेश का डीजीपी नियुक्त किया गया है।
मंझौल से आईआईटी दिल्ली और फिर शीर्ष प्रशासन तक का सफर
मुकेश कुमार, मंझौल के वृजनारायण टोला निवासी उपेन्द्र प्रसाद सिंह के पुत्र हैं। उनके पिता एक इंजीनियर थे और बोकारो स्टील प्लांट में AGM के पद पर कार्यरत रहे।
मुकेश कुमार बचपन से ही कुशाग्र छात्र रहे।
- प्रारंभिक शिक्षा: सेंट जेवियर्स स्कूल, बोकारो
- इंटरमीडिएट: आर.के. पुरम, दिल्ली
- उच्च शिक्षा: आईआईटी दिल्ली से सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक
आईआईटी से पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने कुछ समय के लिए बोकारो स्टील प्लांट में नौकरी भी की, लेकिन इसके बाद उन्होंने UPSC सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल कर भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में प्रवेश किया।
जम्मू-कश्मीर से लेकर ITBP तक अहम जिम्मेदारियां
मुकेश कुमार 1996 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और उन्हें जम्मू-कश्मीर कैडर मिला। उनका प्रशासनिक अनुभव बेहद व्यापक रहा है।
उन्होंने:
- पूंछ जिले में ASP (मेंढर) के रूप में पहली पोस्टिंग
- रियासी, पुलवामा, जम्मू जैसे जिलों में SP
- NHRC और NIA में प्रतिनियुक्ति
- DIG के पद पर प्रोन्नति के बाद जम्मू-श्रीनगर सेक्टर में DIG
- ADGP के रूप में भी कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं
इसके बाद उन्होंने ITBP में IG और ADGP के रूप में देश के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में सेवाएं दीं। हाल ही तक वे दिल्ली स्थित ITBP मुख्यालय में ADGP के पद पर कार्यरत थे, जहां से उन्हें पदोन्नत कर लद्दाख का DGP बनाया गया।
मंझौल और आसपास के इलाकों में खुशी की लहर
मुकेश कुमार के डीजीपी बनने की खबर मिलते ही मंझौल और आसपास के क्षेत्रों में खुशी का माहौल है।
स्थानीय लोगों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात बताया।
इस अवसर पर भाजपा नेता शालिग्राम सिंह, पूर्व मुखिया शारदानंद सिंह, वरिष्ठ लेखक-पत्रकार महेश भारती, अजय कुमार (अधिवक्ता), डॉ. राहुल कुमार, अमन ईश्वर, सुबोध कुमार ईश्वर, मुखिया पति विपिन कुमार सहित कई गणमान्य लोगों ने बधाई और खुशी जाहिर की।